रामग्राम उत्खनन कार्य का शुभारंभ केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने किया, महराजगंज को मिलेगी नई पहचान
- By UP Samachaar Plus --
- Monday 18 Nov, 2024
- 695
मुख्य संपादक - ओंकार नाथ वर्मा
UP Samachar Plus
रामग्राम उत्खनन कार्य का शुभारंभ, महराजगंज को मिलेगी नई पहचान
सोहगीबरवा, महराजगंज, 18 नवम्बर। आज सोहगीबरवा स्थित रामग्राम/कन्हैया बाबा के स्थान पर उत्खनन कार्य का शुभारंभ केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने किया। इस मौके पर उन्होंने जनपद के विभिन्न नेताओं और अधिकारियों के साथ पूजा-अर्चना कर नारियल तोड़ा, ताकि उत्खनन कार्य सफलतापूर्वक शुरू हो सके।
केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने इस अवसर पर कहा कि रामग्राम का उत्खनन भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) द्वारा किया जा रहा है, जो लंबे समय से चल रहे प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने बताया कि रामग्राम की महत्ता को संसद समेत विभिन्न मंचों पर उठाया था और आज यह कार्य शुरू हो रहा है। श्री चौधरी ने कहा कि यह उत्खनन न केवल रामग्राम की ऐतिहासिक प्रामाणिकता को साबित करेगा, बल्कि यह महराजगंज को एक नई पहचान भी दिलाएगा।
उन्होंने कहा, "भगवान बुद्ध का ननिहाल और ससुराल दोनों महराजगंज में थे। उनकी अस्थियों को आठ महाजनपदों में बांटा गया था, और यह मान्यता है कि उनका आठवां हिस्सा रामग्राम में ही स्थित है।" मंत्री ने बताया कि यदि इस उत्खनन में सफलता मिलती है, तो यह क्षेत्र बौद्ध सर्किट से जुड़ेगा, जिससे यहाँ पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर उत्पन्न होंगे।
इस दौरान विधायक सदर जयमंगल कन्नौजिया ने भी इस उत्खनन कार्य के शुभारंभ को एक ऐतिहासिक पल बताया और केंद्रीय मंत्री के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस उत्खनन से भगवान बुद्ध का आठवां अस्थि अवशेष प्राप्त होगा, जिससे महराजगंज को वैश्विक स्तर पर पहचान मिलेगी।
इतिहासकार और पुरातत्वविद डॉ. परशुराम गुप्ता ने रामग्राम के इतिहास पर प्रकाश डाला और इस स्थान की महत्वता को स्थापित करने के लिए किए गए प्रयासों की चर्चा की।
इस मौके पर जनपद के प्रमुख अधिकारी, डॉ पंकज कुमार वर्मा (अपर जिलाधिकारी), डीएफओ राजेंद्र निरंजन और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री के इस प्रयास से रामग्राम की प्रामाणिकता स्थापित होने की संभावना जताई जा रही है। अगर उत्खनन में सफलता मिलती है, तो यह जनपद न केवल धार्मिक पर्यटन के केंद्र के रूप में उभरकर सामने आएगा, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार भी खोलेगा।

